नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से दो दानपात्र चोरी ll
नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से दो दानपात्र चोरी ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) शहर के व्यस्तम क्षेत्र नोहरिया बाजार, घंटा घर चौक के पास स्थित प्राचीन सिद्ध हनुमान मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोर मंदिर से दो दानपात्र चुराकर ले गए, जिसमें लगभग 15,000 से 20,000 रुपये की नगदी होने का अनुमान जताया जा रहा है। घटना के संबंध में नोहरिया बाजार निवासी मयंक गौतम ने सिटी थाना एस.एच.ओ. को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी किया गया सामान व नगदी बरामद कराने की मांग की है। मयंक गौतम ने बताया कि रात्रि को वह रोजाना की भांति पूजा-पाठ के बाद मंदिर के गेट को ताला लगाकर घर चला गया। देर रात्रि को चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर पड़े दो दान पात्र उठाकर ले गए। सुबह जब वह मंदिर में आया तो उसे घटना का पता चला। अंदर जाकर देखा तो दोनों दानपात्र गायब थे। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के बाद से क्षेत्र के निवासियों और दुकानदारों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की रात्रि गश्त बिल्कुल नहीं होती है, जिसके चलते चोरों के हौंसले बुलंद हैं और वे निडर होकर धार्मिक स्थलों व दुकानों को निशाना बना रहे हैं। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लग सके। @newstodayhry #newstodayhry




